गुरुवार, अप्रैल 30

मेरे हक

मेरे हक़ जब तक  मुझे मिल नहीं जाते ,सुनो ,
मै इस राह में नया एक चराग जलाता रहूँगा

रविवार, नवंबर 10

जुगनुओं की चमक

जुगनुओं की चमक से क्यों कोई डर बैठे,
हम आसमां की बिजलियाँ भी छू कर बैठे 

ठोकरों से कम ना होती मंज़िलों की चाहतें 
जो गिरने से डर बैठे वो अपने घर बैठे /-

कदमों को रोक लेती है नक़्शों की सरहदें
एक लकीर के इधर हम तो वो उधर बैठे /-


कम नहीं के उनको पलकों पे बिठा लिया,
गवारा ये भी नहीं कोई चढ़ के सर बैठे /-


औकात उसकी ना थी मुहब्बत के लायक,
खता हम ही कर बैठे के उस पे मर बैठे
/-

........(सुरेन्द्र अभिन्न )

सोमवार, अक्टूबर 7

घर से निकलो ,क्या रखा है घर में ,
मंजिले उनकी, जो निकले सफ़र में /

खास हो गई है अब हैसियत मेरी, 
कुछ खासियत है, उसकी नज़र में/-

सीप में गिर के वो बूँद मोती हुई,
क्या होती जो होती अपने घर में /-

अंधेरों को वही चीर के निकलते है,
रखते है जो आग अपने जिगर में /-

एहतियात रखना अब दोस्तों के साथ ,
अफ़वाह सी फ़ैल रही है पूरे शहर में /-

हादसे बिकते है अब लोगों की तरह
सच कहाँ दिखता है किसी भी खबर मे /-

........( सुरेन्द्र 'अभिन्न' 

रविवार, अक्टूबर 6

मैं जब उदास हो जाता हूँ,





मैं जब उदास हो जाता हूँ,
बहुत ही खास हो जाता हूँ -/


वो दरिया बन के मिलते हैं,

मैं जोर की प्यास हो जाता हूँ-/


कब तक रहोगे गुमशुदा ,

मैं तेरी तलाश हो जाता हूँ-/


वो सिमटे तो धरती हो गए,

मैं खुला आकाश हो जाता हूँ-/


धड़कन बना दिल के लिए ,

लब छुएं तो सांस हो जाता हूँ -/


पत्थर दिल कोई मिल जाये,

मैं संग तराश हो जाता हूँ -/


शनिवार, अप्रैल 20

तेरे आने का इंतज़ार है

तुम्हे सोचता हूँ ,
तो पाता हूँ तुम्हे ,
अपने ही आस पास -/
तुम्हे छूने लगता हूँ तो 
टूट जाता है एक और स्वपन -/
ये जो मेरी पलकों पे 
अनगिनत मोती
छुपे हैं इंतज़ार के -/
बस तेरी एक झलक के
तलबगार हैं ..
और जो मेरे लबों पे
आने को बेताब है बरसों से ,
उस मुस्कराहट को
बस तेरे आने का इंतज़ार है -/

शब्दों का घर


मैं शब्दों का घर बना कर ,

तुम्हे छुपा भी नहीं सकता ,

लोग शब्दों के मनमर्जी से

 अर्थ निकाल लेते हैं ........../

भाव समझे बिना

 तुम्हे और मुझे रुसवा कर देंगे ......


मोम की छतरियां






मोम की छतरियों से ,
कड़ी धुप में ...साया बना रहे हो-/
धुप तेज़ होगी 
छतरियां पिघल जाएँगी 
एक मुददत और सही ,
चलो .....
बारिशों का
इंतज़ार करते है
छतरियों के
साए में आने के लिए /

मंगलवार, जनवरी 1

अंतर क्या बारह तेरह में



मात्र अंक ही बदले तो बदलाव कैसा ?

हालात रहे गर ऐसे ही तो चाव कैसा ?

दर्द,गम,बेबसी,भय,दरिंदगी व्याप्त है सब ओर /

सड़क से सत्ता तक हावी हैं,दरिन्दे,डाकू चोर /

लोक लाज रहित घृणित ये लोक राज कैसा ?
...

बेबस मूक बधिर विकलांगो का ये समाज कैसा ?

जो बहन बेटियों की आबरू बचाने में लाचार है,

यादाश्त कमजोर इसकी ,बड़ा विचित्र व्यवहार है

कल तक क्रोधित था ये बड़ा ग़मज़दा भी था /

कानून - व्यवस्था को लेकर ये खफा भी था /

कर रहा है आज तैयारी फिर जश्न मनाने की

कल के गम भुलाने की कुछ जख्म छुपाने की ,

कुछ बदल नहीं सकता तो फिर नया क्या नए साल में /

अंतर क्या बारह तेरह में जो बदलाव न आया इस हाल में /

मंगलवार, नवंबर 27

तेरा आना इतिफाक नहीं

मेरे जीवन में तेरा आना ,
अचानक कोई इतिफाक तो नहीं,
ना ही संयोग कोई,
तुम सितारों के जंगल में भटके हिरण तो नहीं
या फिर ओस में नहाये सूरज की किरण तो नहीं
क्या प्रयोजन है इस मिलन का
क्या उद्देश्य है?
मैं तो स्वयं में व्यस्त
बीता रहा था अपना जीवन
फिर क्यों मेरे काव्य सृजन में आये तुम
विराम बन कर।
क्या तुम मेरे लेखन का विषय बनोगे
आओ मैं तुम्हे निहार लूं,
और ..अपनी कलम में उतार लूं,
क्योकि मेरे जीवन में तेरा आना इतिफाक नहीं



 

गुरुवार, अगस्त 9

मुहब्बत मर गई शायद

उसके सीने में अब दिल बुझे चिराग सा रह गया-/
मुहब्बत मर गई  शायद ,एक  दाग सा  रह गया-/
वो हँसता भी  है तो   कुछ टूट  के  बिखरने  जैसा,
सूख गया  वो दरिया जो दीखता झाग सा रह गया -/
     
    

                      

गुरुवार, मई 24

गहरे हो जाएँ रिश्ते



दोस्ती की जब भी कभी बात हुआ करेगी /-
हमारा भी  जिक्र दुनिया कहा सुना करेगी /-

मिलते रहे कदम कदम एक दूजे से हौसले
 घोंसलों से निकले तो  बुलंदियाँ छुआ करेंगी /-

कयामत से कम नहीं अब  जुदाई का ख्याल
हकीकत ये लम्हा लम्हा मुझको डसा करेगी /-

ग्यारह रहे हमेशा हम एक और एक होकर, 
क्या अब भी दोस्ती को ऐसी दुआ रहेगी /

तब्दिले जश्न करते गए मुश्किलों को हम 
रस्मे जश्न कैसे अब यंहा मना  करेगी /

गहरे हो जाएँ रिश्ते दिल के जब अभिन्न 
दूरियाँ  क्या खाक फिर उनको जुदा करेंगी 

शनिवार, नवंबर 5

अब किस से करूँ बात...



दौड़ने लगा इश्क की रगों में लहू फिर से,
दिल को लगी जीने की जुत्सजू फिर से/-

कुछ तो बात है तुझमे ऐ जाने बहार ,
बिखरने लगी हवाओं में खुश्बू फिर से /-

अब किस से करूँ बात इस आशनाई की,
दिखता है हर तरफ क्यूँ तू ही तू फिर से /-

साजिश मेरे खिलाफ जहाँ रचती हवाएं हैं,
चिरागे दिल कैसे वंहा मैं जलाऊँ फिर से/-

आँखों से बयाँ कर दिया मंसूबा-ए-दिल,
लबों पे वो अलफ़ाज़ क्यूँ ले आऊं फिर से /-

गिर गिर के संभल जाना है जिंदगी 'अभिन्न'
ठोकर से सीख लेकर क्यूँ न चल पडूँ फिर से /-

शनिवार, अक्टूबर 1

आज तो चाँद बहुत ....






अन्धेरों भरी जिंदगी की छटपटाहट में,


कदम रखती किसी ख़ुशी की आहट से


फिजां की .........


उस हसीँ शाम को,


अचानक आसमान की तरफ गर्दन उठा के,


उसने मुस्करा कर कुछ कहा...


ज़िक्र ...चाँद का था...


धडकनें दिल की घट बढ़ रही थी /


"..............कुछ भी हो आज


चाँद बहुत सुन्दर लग रहा है,


घर जाकर भी इसे जरुर देखना "


ओर ये सच निकला।


घर की छत से भी चाँद...


उतना ही ख़ूबसूरत लगा॥


जितना किसी


खुबसूरत एहसास को होना चाहिए


सच ये भी है॥


की मायने बदल जाते हैं


अगर इस दूनिया ,जिंदगी ओर सोच में


उजालों से ज्यादा अँधेरे हो जाएँ ।


क्योंकि फिर ग़मज़दा हो जाती है दूनिया,


ओर गुमशुदा सी जिंदगी....


ओर सोच हो जाती है निष्ठुर


वजूद रौशनी का दे देता है.....


दूनिया को एक नई उर्जा,


जिंदगी को नई दिशा..... ओर


सोच को नया आयाम।


सच कहा था आपने ऐ मेरे दोस्त


की "आज तो चाँद बहुत सुन्दर लग रहा है"


आज ये रहनुमा .....


पूरी दूनिया,मेरी जिंदगी ओर मेरे ज़मीर कों


खुशनूमा कर रहा है।


आज तो चाँद बहुत सुन्दर लग रहा है


वंहा से भी जहाँ से हम दोनों ने इसको देखा था......


ओर यंहा से भी जहाँ हम दो है ........


मै ओर मेरा चाँद




































































































गुरुवार, जून 30

रहस्य









क्या गुमसुम रहना तेरी प्रकृति है ?



क्या चिंताओं के मानचित्र को



तेरा ही चेहरा मिला पृष्ठभूमि के लिए



क्यों नही ? मुस्करा के इस रहस्य से



परदा उठा देते हो तुम,



कब तक मोनालिसा की भांति



रहस्य में लिपटी रहोगी तुम



उन आंखों के पानी का क्या हुआ ?



धरती के जल भंडारों की तरह



विलुप्त हो गया कहीं ?

सोमवार, अप्रैल 18

कितना अधूरापन था ..


तुम मिले तो ये एहसास हुआ,

कितना अधूरापन था, तेरे बगैर।


दिल जब तेरे दिल के पास हुआ,

कितना आवारापन था,तेरे बगैर ।


जिंदगी में जब कभी हताश हुआ

कितना बेगानापन था,तेरे बगैर ।


मुझे मुक्कमल होना रास हुआ ,

कितना अधुरा जीवन था,तेरे बगैर।


तेरे लफ़्ज़ों से लगाव खास हुआ,

कितना बेमानी जीवन था, तेरे बगैर।


मेरे हिस्से का भी मधुमास हुआ,

कितना सुखा उपवन था,तेरे बगैर।

बुधवार, मार्च 9

तेरे अल्फाज़ जो मेरी जुबाँ हो जाएँ


तेरे अल्फाज़ जो मेरी जुबाँ हो जाये
मै जी लूं ओर तू मेरी जाँ हो जाये /-


हो ऐसे मेरा तेरा एक दूजे से वास्ता,
मुझ से तेरी तुझ से मेरी पहचाँ हो जाये /-


दरिया-ए-दर्द हो जाये समंदर शकूं का
बेचैन उमंगें दिल की, उफनते तूफाँ हो जाये /-


कोई ग़ैर न आ पाए तेरे मेरे बीच में,
खुदगर्जगी हमारी वादा-ओ-पैमाँ हो जाये /-


वाबस्तगी दो दिलों की वाजिब है कुछ करेगी ,
या शदाइत शहीद होंगी या हम फना हो जाये /-


खामोशियाँ जब जब जमीन पर टूटी हैं 'अभिन्न'
मुमकिन है इंकलाबी आबो हवा यहाँ हो जाये /-

***

बुधवार, जनवरी 5

रिश्तों का पता


ना फासलों की खबर ना मौसमों का पता ,
बस चल पड़े ढूंढने, हम दोस्तों का पता /-

मंजिलों की लगन काम कुछ यूँ कर गई ,
रास्तों में ही मिलता रहा नए रास्तों का पता

वो कैसा होगा उसे कभी देखा तो नहीं
कदम उठ रहे थे लिए ख्वाहिशों का पता /-

करता जब किसी से तेरे शहर की बात
मिलता हर किसी से बस मुश्किलों का पता /-

शाम हुई तो रहा सुबह होने का इंतज़ार
सुबह हुई ओर मिला कई मीलों का पता /-

अजनबी सा शहर ओर अजनबी से लोग,
खोजना है यहीं दिल के रिश्तों का पता/-


शुक्रवार, दिसंबर 24

विरह के रंग घुल कर बहे तो दर्द का दरिया बहने लगा

सीमा गुप्ता ने अपनी कलम की रिवायत का निबाह करते हुए काव्य प्रेमियों के लिए अपना दूसरा काव्य ग्रन्थ ''दर्द का दरिया" पेश किया है. इससे पहले उनके द्वारा रचित " विरह के रंग" का साहित्य जगत में पुरजोर स्वागत हुआ है. 54 कविताओं ओर गजलों ओर 35 लघु कविताओं(क्षणिकाओं) का यह संग्रह मात्र शब्दों का ताना बना नहीं अपितु 'दर्द का बेहिसाब दरिया' बन का बहता हुआ पाठकों को अपने साथ साथ बहा ले जाने में पूरी तरह सक्षम बन पड़ता दिखाई देता है.संग्रह का परिचय कराता डॉ. लारी आज़ाद का दो शब्द रूपी लेख -अपने आप में एक खुबसूरत कविता ,एक शानदार ग़ज़ल के जैसा लगा जिसमे सीमा गुप्ता जी का परिचय ओर उनकी रचनाओं का भाव बहुत ही साहित्यिक अंदाज़ में देकर इस रचना संग्रह को साहित्य प्रेमियों तक पहुँचाया है. ओर स्वयं सीमा जी द्वारा लिखी हुई मन की ओस की गर्म बूंदें इस संग्रह को समझने ओर महसूस करने में इतनी सहायक है की पाठकों को देश-काल ओर वातावरण के त्रिगुण देकर इस संग्रह की एक एक रचना को एक एक पंक्ति को ओर एक एक शब्द को पाठक के दिल के करीब पहुचाने ओर उसे काव्य मधु का पान करने को प्रेरित करने की क्षमता उत्पन्न कर देता है
बहुत लोग लिखते हैं ओर बहुत लोग हैं जो दर्द,विरह,ओर आंसुओं पर ही लिखते है --लेकिन इन पर लिखते लिखते निराशावाद तक पहुँच जाते हैं,ओर जिंदगी के कदम कदम के हमराही इन दुखों,दर्दों,विरह वेदनाओं,अधूरेपन,एकाकीपन को एक खलनायक की तरह नकारात्मक रूप में पेश कर के साहित्य ओर इसे पढने वालों को दुखांत स्थिति में पहुंचा कर खड़ा कर देते है लेकिन सीमा गुप्ता की रचनाओं में परिणाम कुछ ओर ही निकलता है विरह यंहा रंग बन जाता है ओर दर्द एक दरिया ओर दोनों किसी भी सूरत में नकारात्मक नहीं है-दोनों में भाव है,बहाव है यौवन है ओर जीवन है.
संग्रह की पहली ही रचना के माध्यम से /मेरे हिस्से का चाँद कभी मुझको भी लौटा दो ना/ कह कर कवयित्री ने कोई मखमली आरजू बयाँ की है या फिर आधी दुनिया का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने हकों के लिए आवाज़ बुलंद करती हुई औरत का बिम्ब प्रस्तुत किया है -एक बड़ा ही महत्वपूर्ण सवाल पैदा होता है. इस संग्रह में बार बार प्रयुक्त चाँद ओर चांदनी मात्र कवि कल्पना का सुन्दर प्रतीक न होकर स्वछंदता ओर स्वायत्तता का बोध कराता दिखाई देता है .
प्रेम की यंहा पुरजोर ख्वाइश की गई है जिसमे नाम-बदनाम या जायज -नाजायज़ की परवाह भी नहीं होती ,होता है तो सिर्फ प्रेम -विशुद्ध प्रेम.

/है बड़ा दिलनशी प्यार का सिलसिला
मेरे दिल को है तेरे दिल से मिला
तुम मुझे बस यूँ ही प्यार करते रहो
बस यूँ ही, बस यूँ ही,बस यूँ ही/

दर्द का दरिया यंहा दुखों ओर अंधेरों का गुणगान नहीं करता बल्कि एक उम्मीद,एक उपाय -एक स्वस्थ दृष्टीकोण की स्थापना करता हुआ दिखाई देता है.रेशमी किरणों के साये,चाँद का आँचल,चांदनी का नूर,मोतियों की कशमश,उजालों के बदन,सब्र के जुगनू,गुनगुनाती धुप,भावाग्नी के उच्चताप जैसे बिम्बों,प्रतीकों का प्रयोग इस बात की पुष्टि अवश्य करता है की दर्द का दरिया यहाँ किसी अंतहीन सागर में विलीन हो जाने के लिए नहीं बहता-न ही किसी त्रासद अंत की ओर प्रस्थान करता है अपितु एक गतिशील,उर्जावान,स्वायत,स्वछंद निकाय के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराता है ओर तमाम तरह के संघर्ष के बीच में जीने की बेताबी बरकरार रखता है .चाँद के ही माध्यम से कवयित्री अकेलेपन की बात छेड़ कर बड़ी कुशलता से बता देती है की पहाड़ियों,घाटियों,बादलों,झीलों,सितारों, रात ओर दिन के बीच में चाँद कैसे अकेला जी लेता है अर्थात अकेलेपन में भी बहुत से संगी साथी होते है यथा दुःख,आंसू,भावनाएं,यादें,ओर खुद अकेलापन.निराशा में से आशा की किरणे खोज लाना सीमा जी की कविता की अद्वितीय विशेषता है .
खुबसूरत नज्में ओर ग़ज़लें इस गुलदस्ते में सोने पे सुहागे जैसा दिखती हैं,जिंदगी के बेहद करीब ये रचनाएँ कवयित्री की बहुआयामी प्रतिभा की परिचायक तो हैं ही साथ ही उनकी हिंदी-उर्दू,कविता -ग़ज़ल रूपी गंगा-जमुनी संस्कारों का भी बखान करती है.स्वावलंबन की जरुरत देखिये
/क्यों माँगा था तुम्हे उम्र भर के लिए
खुद सहारा बन जाते तो अच्छा था/

बेहद रोमांटिक ख्वाइशें

/महसूस कर लूँ तुम्हारे होठों पे बिखरी
मोतियों की कशमश को
अपनी पलकों के आस पास/

कविता कहने का ऐसा विशिष्ट अंदाज़ बिरला ही कहीं देखने को मिलता होगा. शब्द ओर भाव दोनों की सुन्दरता कितने संतुलन में है जरा देखिये तो:

/तुम्हे भूल पाऊँ कभी,
वो पल वक़्त की कोख में नहीं /

/रात भर चाँद को चुपके से
हथेली पर उतरा हमने
/

/सच के धरातल का
मौन टूटा तो समझा
शून्य था तेरा आना
'ओर'
एक सवाल यू ही लौट जाना /
किसी भी रचना की शिल्पगत सुदृढ़ता के लिए भाषा का योगदान बहुत महतवपूर्ण होता है,इस संग्रह में कवयित्री ने मानसिक अंतर्द्वंद,विरह वेदना,व्यक्तिगत विसंगतियों ओर जीवन ओर प्रेम की यथार्थ अभिव्यक्ति के लिए सहज ओर सरल भाषा का प्रयोग तो किया ही है साथ ही साथ तत्सम व् उर्दू शब्दावली का मिश्रण इस ग्रन्थ को एक स्तरीय पाठन के अनुकूल बना देताहै .स्पष्टबयानी,चित्रमयता ओर भावानुकुलता जैसी विशेषताएं जगह जगह देखने को मिलती है .सीमा जी ने जहाँ एक ओर सहजानुभूति की अभिव्यंजना के लिए अभिधा एवं लक्षणा शब्द शक्ति का सहारा लिया है वहीँ पर दूसरी ओर सूक्ष्म भावों की प्रस्तुति के लिए बिम्ब एवं प्रतीक योजना भी विशिष्ट अर्थ गरिमा से संयुक्त दिखाई देती है.रचनाओं में भावोनुकुल अलंकारों एवं रसों का समावेश कवयित्री के कवित्व का परिचायक है ;

किसी माहौल ,मंजर महफ़िल से,
कोई रुसवाई न मिले मुझको

इस संग्रह में प्यार है तो शिकवे भी हैं,विरह है तो हौसले भी हैं,आरजुएं हैं तो आशाएं भी है,तड़प है तो संबल भी है,ग़ज़ल है तो आज़ादी भी है कविता है तो रोचकता भी है --प्रेम, विरह और श्रृंगार का त्रिकोण बनता हुआ जरुर दीखता है लेकिन अंतत: जीवन की चुनोतियों को स्वीकार कर लेने का फलसफा उसे सकारात्मकता से भरपूर वृताकार रूप प्रदान कर देता है जिसमे कोई ओर न हो कोई छोर न हो कोई मोड़ न हो कोई शुरुआत न हो कोई समापन न हो बस एक चक्र की भांति निरंतरता हो सम्पूर्णता हो.
निस्संदेह कवयित्री ने जिंदगी की तलाश में अपनी अबोध सी चाहत को कविता का जामा पहनाकर धरती के अलसाये बदन पे इश्क की नई इबादत लिख डाली है,पूरा संग्रह फूट फूट बहता हुआ दरिया-इ-ज़ज्बा हो जाता है हिंदी-उर्दू का यह द्विभाषी संग्रह निश्चित रूप से ज्यादा से ज्यादा लोगों द्वारा पढ़ा ओर सराहा जायेगा ओर इसका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विमोचन होना इसकी लोकप्रियता को वैश्विक स्तर पर ले जाने में सहायक होगा. मै सीमा जी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आशावान हूँ की उनकी लेखनी अनवरत साहित्य जगत की सेवा में सृजन करती रहेगी .
विरह के रंग घुल कर बहे तो दर्द का दरिया बहने लगा
यही प्रेम का रूप शास्वत, हर लफ्ज़ इसका कहने लगा

मंगलवार, सितंबर 7

नाना के खेत




झांक रहा था मै गाड़ी से कब आयेंगे नाना के खेत,
देख के मुझको मेरी तरह खुश हो जायेंगे नाना के खेत /


स्वाभिमानी नाना के जैसे खड़े मिलेंगे गन्ने व पेड़,
ओर नानी के दुलार प्यार सा लहलहाएंगे नाना के खेत/


जहाँ घुमा करते थे नाना जी खुरपी या कुदाल लिए ,
क्या अब भी मेहनत के पसीने से भरमायेंगे नाना के खेत/


वहां मटर के दाने होंगे,या मूली,शलगम गाज़र हो,
खाने को कुछ न कुछ तो मुझे दे जायेंगे नाना के खेत/


सारे मामा थे खेतों में,संग पटवारी ओर रस्सी के,
शायद चार हिस्सों में अब बंट जायेंगे नाना के खेत/


शनिवार, जुलाई 31

बंदिश नहीं कोई


परेशां जब हुए हम मौसमों के लिए,
राहें आसां हो गई हादसों के लिए,


नफरत तुम्हारी अब सही न जाएगी,

दुश्मनों सी सजा क्यूँ दोस्तों के लिए ?



करना है तो कर तकसीम ज़ज्बात को
क्यूँ मरते -मारते हो सरहदों के लिए,


बंदिश नहीं कोई चिनाबो-सतलुज पर,
होती क्यूँ सियासत पानियों के लिए।


जीने को दो दाना जरुरत रोजाना उसकी
कब उड़ा बता परिंदा मोतियों के लिए