शनिवार, जुलाई 31

बंदिश नहीं कोई


परेशां जब हुए हम मौसमों के लिए,
राहें आसां हो गई हादसों के लिए,


नफरत तुम्हारी अब सही न जाएगी,

दुश्मनों सी सजा क्यूँ दोस्तों के लिए ?



करना है तो कर तकसीम ज़ज्बात को
क्यूँ मरते -मारते हो सरहदों के लिए,


बंदिश नहीं कोई चिनाबो-सतलुज पर,
होती क्यूँ सियासत पानियों के लिए।


जीने को दो दाना जरुरत रोजाना उसकी
कब उड़ा बता परिंदा मोतियों के लिए




गुरुवार, अप्रैल 8

जिन्हें प्यार नहीं मालूम




वो जिन्हें अश्कों की खार नहीं मालूम,

जान क्या देंगे जिन्हें प्यार नहीं मालूम


तिजारत का कायदा भला वो क्या जाने,

जिसे फायदा,सूद और उधार नहीं मालूम


खोल कर रखना घर के दरवाजे खिड़कियाँ

कब आजाये भाइयों के बीच दीवार नहीं मालूम


चला रहे है इस देश को चन्द ऐसे महानुभाव

जिनको दो ओर दो होते हैं ,चार नहीं मालूम


बच कर रहना वतन इन पड़ोसियों के प्यार से

कब कर दें हम पर धोखे से वार नहीं मालूम


क्या लुत्फ़ वो उठाएगा उस मिलन की रात में

महबूब से मिलने का जिसे इंतज़ार नहीं मालूम





सोमवार, मार्च 22

विरह के रंग-सीमा गुप्ता का प्रथम काव्य संग्रह







रंग ओर रस प्रकृति के दो अनमोल उपहार है जिनके बिना मानवीय जीवन की सार्थकता की कल्पना की ही नहीं जा सकती,इन्द्रधनुष के सात रंग यंहा वंहा प्रकृति के कण कण में भरे पड़े है,इसी प्रकार से रस भी सर्वव्याप्त है ,रस का जो महत्व काव्य में है रंग का वही कला में होता है.ओर यदि रचनाकार काव्य में रस के साथ साथ रंग भी भर दे तो रचना सत्यम शिवम् सुन्दरम बन जाती है
ब्लॉगजगत की विख्यात रचनाकार सुश्री सीमा गुप्ता का प्रथम काव्य संग्रह
" विरह के रंग"
शिवना प्रकाशन -सीहोर (मध्य प्रदेश) द्वारा प्रकाशित हुआ ओर काव्य प्रेमियों के होली से रंगे हाथों से होता हुआ उनके हृदय को रंगों से सरोबार करने पहुँच गया,94 रचनाएँ ,जिनमे गीत,गजल,कविता ओर लघु कवितायेँ शामिल हैं -सुन्दर शब्दों ओर भावों से लबरेज अनोखा गुलदस्ता है
विरह चाहे किसी की निष्ठुरता का परिणाम हो या नियति के अधीन इंसान की मज़बूरी -होती आग ही है कोमल भावनाएं जल कर राख हो जाती है ओर व्यक्ति हार कर, टूट कट, बिखर कर रह जाता है लेकिन सीमा गुप्ता जी की रचनाओं की केन्द्रीय नायिका जो दुःख,दर्द,व्याकुलता,बेबसी ओर विरह से पीड़ित दिखाई जरुर देती है लेकिन वह कमजोर नहीं हुई है,उसका कठोर व्यक्तित्व,दृढ इच्छाशक्ति ओर स्वावलंबन उसे एक विशेष स्थान प्रदान करता नजर आता है,उनके कहे शब्द इतने महतवपूर्ण नहीं हैं जितने अनकहे शब्द.उनकी कविता का असल अहसास उनके लिखे शब्दों की बजाय उस दर्द में है जिसे वे शब्दों का रूप देकर कविता के रूप में प्रस्तुत कर देती हैं ये रचनाएँ महज शब्दों का संकलन नहीं अपितु "शब्दों की वादियों" में बसे किसी गाँव में "ख्वाबों के आँगन" में "यादों की पालकी" में सवार नायिका के विरह की तस्वीर है जो "वेदनाओं के वृक्ष" की हर "शाख" पर "यादों के पुष्प" खिला कर जीवन जीने की क्षमता रखती है
यंहा विरहन के अश्क बहते जरुर हैं लेकिन मिटटी में मिल जाने को नहीं,आंसू यंहा बह कर झील हो जाते है और विरहन उस "झील को दर्पण बना" कर "सुखमय प्यार" की "जन्नत" निहार लेती है,
दिल के अरमानों को अक्सर आंसुओ में बहते देखा जाता है , लेकिन यंहा अरमां निकल कर व्यर्थ नहीं जाते बल्कि पुनसृजित हो कर विरह के रंग बन काव्य प्रेमिओं के मन और आत्मा को पुलकित कर देते है.
यथा :



" तिल तिल के जल राख हुए
अरमान उर्वरक बन कर बिखर जाते हैं "



फुरक़त के तमाम सितम यहाँ महबूबा को हताश निराश करने में नाकामयाब रह जाते है क्योंकि वह तो इन्हें अपना हौसला ओर सहारा बना कर जिन्दगी की चुनोतिया स्वीकार कर लेने का फलसफा जानती है



" दर्द,कसक,दीवानापन
यह रोज की बेचैनी उलझन
यह दुनिया से उकताया मन
यह जगती आँखे रातों में,
तन्हाई में मचलन,तड़पन
ये आंसू ओर बेचैन सा मन
सीने की दुखन,आँखों की जलन
बिरहा के गीत मीरा के भजन
सब कुछ जो आज सहारा है
वो सब कुछ सिर्फ तुहारा है ( पृ.28
)

संग्रह की ज्यादातर रचनाएँ कला की बारीकियों या शिल्प के नए प्रयोगों से बेपरवाह, बेहद पठनीय ओर संग्रहणीय है शीर्षक कविता नैनो टेक्नॉलोजी की अदभुत मिसाल लगी जिसमे पूरे संग्रह का सारांश ओर रचनाकार का दृष्टीकोण साफ़ साफ़ शब्दों में मोती की तरह झलकता है



आँखों में तपिश ओर रूह की जलन,
बोझिल आहें,ख़ामोशी की चुभन,
सिमटी ख्वाहिश,,साँसों में घुटन,
जिन्दा लाशों पे वक़्त का क़फ़न,
कितने सुन्दर ये विरह के रंग / ( पृ।89)



सीमा गुप्ता जी की काव्य रचनाएँ सरस ओर सरल भाषा में होने के कारण सबका मन मोह लेने में पूरी तरह से सक्षम है । हिंदी-उर्दू भाषा का गंगा -जमुनी संगम उनकी रचनाओं में अक्सर देखने को मिलता है जो इनके काव्य को ओर भी आकर्षक बना देता है। सुन्दरता देखिये


हवाओं को रंगता रहा वों


इंद्र धनुषी ख्वाबों की तुलिका से


बेशक यह सीमा जी का प्रथम काव्य संग्रह है लेकिन ब्लॉगजगत से जुड़े हिंदी-प्रेमिओं के लिए यह नाम नया नहीं है । अंतरजाल पर सीमा जी एक स्थापित ब्लॉगर की हैसियत से वर्षों से रचनाकर्म करती आ रही हैं ओर अनेक सुधि पाठकगण ओर रचनाकार उनके काव्य को पसंद करते है । इस कृति के लिए सीमा जी को बहुत बहुत मुबारकबाद ओर उनकी साहित्यिक यात्रा के सुनहरे भविष्य की कामना करते हुए मै अभिन्नकल्पना ब्लॉग से उन्हें अनेकानेक शुभकामनाएं प्रेषित करता हूँ



सुरेन्द्र "अभिन्न "

शनिवार, फ़रवरी 20

मुझको इंसान होने पे हया आती है





मुझ को इंसान होने पर हया आती है -/
सिर्फ हया ही आती है तो क्या आती है -/

कभी तो खुदा को मस्जिद खैरात करता है ,
कभी उसे ढहा कर मंदिर की बात करता हैं ,
मज़हब पे सेंकता है खुदगर्जी की रोटियां
khudgarz insaan होने पर हया आती है -/


कभी बुद्ध या मसीह के बुत ईज़ाद करता है
कभी उनसे ही होके बागी उन्हें बर्बाद करता है
मिटाता जा रहा है चमन से निशां अमन के
ऐसा बर्बाद इंसान होने पे हया आती है -/

करता है कभी इबादत धर्मो रिवाज़ के लिए
कभी काटता है सर दंगो के आगाज़ के लिए
हलाल किया मजलूम को खुदा के नाम पर
ऐसा कातिल इंसान होने पे हया आती है -/

मुझ को इंसान होने पे हया आती है -/
सिर्फ हया ही आती है तो क्या आती है -/



बुधवार, जनवरी 20

टूट चुके जो दिल




खुदा से दिलरुबा की हम शिकायत करते हैं

वो रूठा हुआ है जिससे हम, मुहब्बत करते हैं


उसने ही जलाया प्यार से, हाथों को चूम के,

बनके फानूस जिसकी हाथ हिफाजत करते हैं


कहते थे मेरे इश्क में,क्या होगा फायदा ?

मुहब्बत नहीं जैसे के वो, तिजारत करते हैं


सफ़र कितना बचा है बाकी अब मौत से पहले,

टूट चुके जो दिल कब, जीने की हसरत करते हैं


मिल के न मिल सकी वो, मंजिल ही थी ऐसी

जिंदगी लगे थे जो कभी वो, अब कयामत करते हैं



शनिवार, नवंबर 21

मैंने देखा नही खुदा को

क्यूं रहता वो आजकल बड़ी कसमकश में है
मै कायल हूँ जिसका दिल जिनके बस में है

मैंने देखा नही खुदा को आज तक ये सच है ,
मेरा खुदा तो मेरे सनम सिर्फ़ तेरे दरश में है

शिकवा किया था बिन मिले जो आए थे एक बार
अब इल्तजा पे भी तगाफुल क्यूँ उस शख्श में है

यही सोच है दिन रात क्या वजह इस बेरुखी में
क्या दिल के बुरे है हम या कोई खोट नक्श में है

हटा दो तमाम परदे रूह रोशन हो जाने दो अब
पुर्निम का था ये चाँद जो अब क़ैद अमावस में है

हमें ख्वाहिशें मिटा देंगी तुम्हे नाराज़गी तुम्हारी
मन मुटाव सभी मिटा दे अभी बात आपस में है

शनिवार, अक्टूबर 3

सब नजारों को देख लें


"सब नजारों को देख लें "

भुला के दौर-ए-गम, चलो हम बहारों को देख लें

दरवाजे है बंद तो क्यूँ न उनकी दीवारों को देख लें

मौसम भी खुशगवार है आसमा भी साफ़ साफ़,

फुर्सत है चलो आज सब नजारों को देख लें

तकदीर जो बनादे या रख दे बिगाड़ कर,

खुद कैसे टूट जाते हैं उन तारों को देख लें

बँट जाता है आसमान भी क्या ज़मीं के साथ साथ

उन सरहदों को खोज ले उन दरारों को देख लें

खिलते हुए,हिलते हुए ओर टिमटिमाते हुए भी

हर उम्रके हर शौक के सितारों को देख लें

चांदनी के दरिया में डूब जाएँ आज रात

लेते है कैसे आगोश में किनारों को देख लें

गुरुवार, अक्टूबर 1

साँसे जब लापता होंगी

दिल में बसी तमन्ना ये जब जवां होगी,
उससे ज्यादा खूबसूरत चीज क्या होगी

निकल पड़ते हैं अश्क इस दर्द के होने से
कल मेरी गम ही मेरे गम की दवा होगी

आज रो पड़ता हूँ मै हर शरारत पे तेरी
कल हसूंगा जिसपे वो तेरी ही अदा होगी

हो जायेंगे एक हम दोनों आग की गवाही से
सर पे मेरे सेहरा ओर तेरे हाथों पे हिना होगी

फ़िर जमाने में कहीं भी हम नजर न आयेंगे,
अजनबी बन के ये साँसे जब लापता होंगी

शुक्रवार, सितंबर 11

बहती हो तुम

"बहती हो तुम"

अंधेरों में लिपटी रौशनी हो तुम ,
मुझे लगता है की जिंदगी हो तुम.

जमुना सा वेग तुममे ,है गंगा सी पावनता ,
फिर आंसुओं सी क्यो सदा बहती हो तुम.

बसा सकती हो जब खुशी की वादियाँ,
क्यों बस्तियों में ग़मों की रहती हो तुम.

मुरझा जाती है मेरी दुनिया तेरे सिसकने भर से,
महक जाती है कायनात जब चहकती हो तुम.

जाती हो कहां ,अब तक न जान पाये ,
कभी जमीन तो कभी आसमान से उतरती हो तुम



शुक्रवार, जुलाई 31

मै जा रहा हूँ,जिन्दगी

जिंदगी तेरी खामोशी हमसे सही न जायेगी
अब दास्तान दर्द की हमसे कही न जायेगी

बेघर को देके आसरा क्यूँ एहसान किया था ?
मेहमान की तरह इतना सम्मान किया था ?

तेरा घर, तेरी गली, तेरा शहर छोड़ कर
मैं जा रहा हूँ आज सारे बंधन तोड़ कर

मेरी वफ़ा पे शायद तुमको यकीं न आएगा
तुमको भी हमसे बेवफा कहा न जाएगा

शुक्रवार, जुलाई 17

हम चाहते रहे तुम भूलाते रहे हो .


हमे खो देने का डर जताते रहे हो ।
पाने से क्यों हमेशा कतराते रहे हो ।

दिल ही तो था, तेरे क़दमों के नीचे,
जिसे ठोकर हर कदम लगाते रहे हो ।

कोशिश रही हम बात करे खुलकर
खामोशी तुम लबों पर सजाते रहे हो

चाहत भरे दिन थे जाने कहाँ छूटे ?
हम चाहते रहे तुम भुलाते रहे हो ।

गुनाह हुआ हमसे हमें ही नही मालूम,
सजा लम्हा लम्हा हमें दिलाते रहे हो ।

छोड़ आए थे कहाँ ,खोजते हो किस जगह ?
बेवफा होकर भी कैसे प्यार जताते रहे हो ।

बंधता गया राम सीमाओं में हर बार मै
सीता बन, धरा में तुम समाते रहे हो ।

रविवार, जुलाई 5

इरफान हुआ मुझको


मिले तुम की लगा जैसे सब से जुदा हो गया /
तेरा प्यार दर्द हो गया, यही दर्द दवा हो गया /

तेरी चाहत की ही सब मेहरबानियाँ है ये की,
कतरा था मै कतरे से कब का दरिया हो गया /

इरफान हुआ मुझको इक नई रौशनी का जब
ये वजूद मेरा तेरी बाँहों के दरमियाँ हो गया /

दे दिया इन्साफ उसने प्यार की दरखास्त पर
मुझेसिला मिल गया दुनिया का इफ्लाह हो गया /

नक्शा दो जहाँ का देखो, बदल डाला इस इश्क ने
इसमें खुदा इन्सां हो गया ,इन्सां खुदा हो गया /

तेरे आने से ये खाक दिल भी गुलिस्तान हो गया
सज संवर गई ज़िन्दगी अब खौफ हवा हो गया /

एक पत्थर के टुकड़े को,कीमती याकूत बना दिया
तुमने छुआ प्यार से तो, मै क्या से क्या हो गया /
**************************************
याकूत =हीरा
इरफान = ज्ञान
इफ्लाह = भला

रविवार, जून 28

जल नही तो जल रहे हैं



जल नहीं है तो जल रहे है
ये मौसम हमको तल रहे है

तप रही आग सी सारी धरती
आसमान तो जैसे पिघल रहे है

आती है बिजली जाने के लिए
पंखे तो हाथ के ही चल रहे है

कतार मोहल्ला हो गया सारा
नखरे में नुक्कड़ के नल रहे है

आते नहीं क्यूँ मेघदूत बन कर
अब के शायद वो भी टल रहे है


शनिवार, जून 20

मुझे तुम मिलो ऐ अजनबी


लफ्जों के बियाबाँ में
उमड़ते हुए कारवां में
तन्हाईयों के दरमियाँ में
मुझे तुम मिलो ऐ अजनबी
एक दोस्त हमदम की तरह ..........

ना बेवफा जिन्दगी के जैसे
ना रंग बदलते आदमी के जैसे
ना आ के जाने वाली खुशी के जैसे
मुझे तुम मिलो ऐ अजनबी
सदा साथ रहते गम की तरह .............

जहाँ तुम रहो वो देश मिले
निरंतर तेरे संदेश मिले
मुझे संग तेरा विशेष मिले
मुझे तुम मिलो ऐ अजनबी
खुदा के करम की तरह ..............

तंग करने के सौ तरीके लिए हो
अदब के कितने सलीके लिए हो
हुनर सभी जिंदगी के लिए हो
मुझे तुम मिलो ऐ अजनबी
जख्म पर मरहम की तरह .................

मंगलवार, मई 5

अब आरजू सी रह गई


मेरे आंसुओं का क़र्ज़ है,तेरा फ़र्ज़ है अदा करो.


कोई दिल जब दुखाये तेरा,याद कर लिया करो


जब भी डरा तेरे लिए डरा यु ही बेवफा भी हो गया


है इसी में अब वफ़ा तेरी,ख़ुद से भी वफ़ा करो


मेरी आबरू थी तू कभी ,अब आरजू सी रह गई


कभी भूल से भुला न दू ,बन के ख्वाब मिला करो


तू चाँद मै ज़मीन हूँ, कम होंगे कभी न फासले


कब कहा मेरे साथ चल, मै रुकू तो तुम रुका करो


मंजिल मिले तो रुके सफर,चले तो चले जिंदगी


ये सिलसिला रहे ताजिंदगी,ना रुके ऐसी दुआ करो




रविवार, अप्रैल 19

जी लो मुस्करा के


खिलेंगे,टूटेंगे,मुरझा कर झड़ जायेंगे,
ये फूल चन्द रोज में फीके पड़ जायेंगे,

कायम रहेगा इनका लेकिन ये मशवरा,
एक पल ही जी लो लेकिन मुस्करा के जरा ,

बिखेर दो खुशबू जहाँ भी मौजूद हो,
फूलों की तरह आदमी का भी वजूद हो

फूलों से कुछ जीना सीख ले आदमी

हंस के गम पीना सीख ले आदमी

शनिवार, मार्च 14

साँस

एक साँस ले चुका...

एक साँस बाकी है....

दो सांसों के बीच मैं

अटका हुआ अस्तित्व मेरा

मै मुर्दा भी नही ..................

अभी दूसरी साँस लेनी बाकी है

मै जीवन और मृत्यु के बीच

फंसी एक आत्मा हूँ

जिसने कभी मोक्ष नही चाहा

मंगलवार, मार्च 10

उमंगों के रंग




रंगों का आया है सुंदर त्यौहार
होली मनालो मुहब्बत से यार
रहे न वीरान ये हमारी धरा है जो
हरियाली से इसका करदो श्रींगार


नज़र न लगे इस अपने वतन को
तिरंगे फहरादों अन्तरिक्ष के पार

छू लो के रोशन हो जाए ये जीवन
मिट जाए मन के सभी अन्धकार

उस रंग से रंग दो जो जाए कभी न
तुम क्या कहोगे, उसे कहते है प्यार

रंगों का आया है पावन त्यौहार
उमंगों से इसको महका दो यार




शुक्रवार, फ़रवरी 27

खामोश हवा

बड़े बेताब है अब्र ,बड़ी खामोश हवा है
कोई बताये, भला इन्हे हुआ क्या है ?
सब्जोगुल का चेहरा मुरझाया सा लगा ,
किसी काँटों भरे हाथ ने छुआ क्या है ?
धुआं नही तो, फिर ये गुबार सा कैसा ?
उस और जो उठा , बता वो उठा क्या है ?
मुक़र्रर सजाये मौत है रकीबी के लिए,
बता तेरे मुल्क में ,इश्क की सज़ा क्या है ?
झुका दिया सर ,हर दरो दीवार पे हमने
न देखा की राम क्या-और खुदा क्या है ?

शुक्रवार, फ़रवरी 20

मुहब्बत का मशवरा

प्यार भी उनसे बहुत और फासले बहुत
आँख में आंसू मगर दिल में होंसले बहुत
संभल कर रहना जरा कांच की तरह
होतें है तेरे शहर में सुना हादसे बहुत
मिल कर जुदा होना जुदा होके फिर मिलना
प्यार में आते है अक्सर ऐसे सिलसिले बहुत
तेरे प्यार की इक तन्हाई पाने के लिए
छोड़ आया हूँ पीछे अपने महफिलें बहुत
मुहब्बत न करो हमसे यूँ टूट कर अभिन्न
आती है इसकी राह में सदा मुश्किलें बहुत